विदिशा। जिले में अवैध एवं नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की गई। जिला परिवहन अधिकारी श्री गिरिजेश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नटेरन एवं अशोकनगर रोड क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
जांच के दौरान कुल 12 वाहन मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर चालानी कार्रवाई की गई। इनमें से 4 वाहनों से मौके पर ही 58 हजार रुपए शमन शुल्क के रूप में वसूल किए गए, जबकि शेष 8 वाहनों को प्रकरण निराकरण तक जब्त कर पुलिस थाना परिसर नटेरन एवं करारिया में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
जब्त वाहनों में संदीपनी स्कूल, नटेरन में संचालित बस सहित 2 स्कूल बसें भी शामिल हैं। प्राथमिक आकलन के अनुसार जब्त वाहनों से लगभग 2 लाख रुपए राजस्व प्राप्त होने की संभावना जताई गई है।
कार्रवाई के दौरान स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, ओवरलोडिंग तथा सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। साथ ही ओवरलोड डंपरों पर भी विशेष निगरानी रखते हुए दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।








