भोपाल। राजधानी के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र की शर्मा कॉलोनी में बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने पहुंची विद्युत वितरण कंपनी की टीम पर पथराव और मारपीट की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि उपभोक्ता पर करीब 55 हजार रुपये से अधिक का बिल बकाया था, जिसके चलते मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की टीम कनेक्शन विच्छेद करने पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार, टीम का नेतृत्व कर रहे जूनियर इंजीनियर धनराज सिंह सहित कर्मचारियों ने नियमानुसार मीटर और सर्विस लाइन हटाने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान घर के सदस्यों ने विरोध करते हुए कर्मचारियों से अभद्रता की और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दो भाइयों ने टीम को घेर लिया और एक कर्मचारी पर पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही शाहजहांनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। विद्युत कंपनी की ओर से आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन के लिए संपर्क करे
Call / WhatsApp - 9826291862
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या दुर्व्यवहार सहन नहीं किया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट किया कि बकाया वसूली और कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई नियमों के तहत की जाती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।







