मध्यप्रदेश (भोपाल)। धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में की गई वृद्धि से जिले सहित प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है और किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य समय पर दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ सीजन 2025-26 में प्रदेशभर में 51.74 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान का उपार्जन किया गया है। इस वर्ष धान (कॉमन) का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया, जो पिछले सत्र से 69 रुपये अधिक है। समर्थन मूल्य में वृद्धि को किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
खरीफ सीजन में प्रदेश के 8.59 लाख धान उत्पादक किसानों का पंजीयन हुआ, जिनमें से बड़ी संख्या में किसानों ने उपार्जन केंद्रों पर धान विक्रय किया। धान खरीदी के लिए प्रदेश में 1,436 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए। उपार्जित धान का बड़े पैमाने पर परिवहन एवं गुणवत्ता परीक्षण भी पूर्ण किया जा चुका है।
विज्ञापन के लिए संपर्क करे
Call / WhatsApp - 9826291862
सरकार द्वारा तकनीक आधारित भुगतान व्यवस्था लागू किए जाने से किसानों को समर्थन मूल्य की राशि सीधे बैंक खातों में प्राप्त हुई है। अब तक हजारों करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है, जिससे वे आगामी फसल की तैयारियों में जुट गए हैं। स्थानीय किसानों ने भी समर्थन मूल्य वृद्धि और समय पर भुगतान को राहत भरा कदम बताया है।








