भोपाल। जिला पंचायत भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती इला तिवारी ने शुक्रवार को विकासखंड फंदा अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला चंदेरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन योजना, साफ-सफाई तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती तिवारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे और उनके शैक्षणिक स्तर का मूल्यांकन किया। उन्होंने शिक्षण कार्य की गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए शिक्षकों को नियमित एवं प्रभावी अध्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने को कहा।
सीईओ श्रीमती तिवारी ने मध्यान्ह भोजन योजना की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा भोजन की गुणवत्ता, वितरण व्यवस्था और स्वच्छता संबंधी मानकों की जानकारी ली। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन के लिए संपर्क करे
Call / WhatsApp - 9826291862
उन्होंने कहा कि प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्यालयीन गतिविधियों को शासन के निर्देशानुसार प्रभावी रूप से संचालित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, विद्यालय स्टाफ एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








