भोपाल, 27 फरवरी 2026।
मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में 43वें उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) बैच का भव्य दीक्षांत समारोह पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में किया गया।
अकादमी के उपनिदेशक डॉ. संजय अग्रवाल ने 43वें बैच के प्रशिक्षण का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशिक्षुओं को आंतरिक एवं बाह्य प्रशिक्षण, विभिन्न संस्थानों का भ्रमण, अकादमिक गतिविधियाँ, खेलकूद, एथिक्स, नवीन आपराधिक कानून, पुलिस व्यवहार (UAC), योग एवं ध्यान जैसे विषयों में गहन प्रशिक्षण !
साथ ही, वर्ष 2028 के सिंहस्थ की तैयारियों के दृष्टिगत प्रयागराज कुंभ 2025 में फील्ड विजिट (एक्सपोजर) कराकर बड़े आयोजनों की व्यवस्थाओं का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सत्र एवं जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण के अनुभव डीएसपी शिवा पाठक एवं ऋषभ छारी द्वारा साझा किए गए।
विज्ञापन के लिए संपर्क करे
Call / WhatsApp - 9826291862
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी सम्मानित
जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर कार्य करते हुए नवाचार स्थापित किए। पुलिस महानिदेशक द्वारा आंतरिक प्रशिक्षण के सभी 13 विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले उप पुलिस अधीक्षकों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों तथा ऑल ओवर टॉपर को भी सम्मानित किया गया। संपूर्ण प्रशिक्षण सत्र में द्वितीय स्थान रोशनी कुर्मी तथा प्रथम स्थान आनंद कुमार राय ने प्राप्त किया।
डीजीपी का प्रेरक संदेश
अपने उद्बोधन में कैलाश मकवाणा ने नवपदस्थ उप पुलिस अधीक्षकों को ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटने हेतु नवीन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा साइबर अपराध से जुड़े विषयों में निरंतर अपडेट रहने की सलाह दी।
उन्होंने “नशा मुक्त मध्यप्रदेश” के लक्ष्य को साकार करने एवं पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने पर बल दिया। अपने 37 वर्षों के पुलिस सेवा अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण ही एक सफल पुलिस अधिकारी की पहचान है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को एक कुशल पुलिस अधिकारी एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी, जिससे पुलिस विभाग और उनके परिवार को गर्व की अनुभूति हो।
समारोह में उपस्थित गणमान्य
कार्यक्रम में अकादमी के निदेशक/विशेष पुलिस महानिदेशक रेल श्री रवि कुमार गुप्ता, पुलिस कमिश्नर नगरीय पुलिस भोपाल श्री संजय सिंह, पीएसओ टू डीजीपी / पुलिस उप महानिरीक्षक सामुदायिक पुलिसिंग डॉ. विनीत कपूर, उपनिदेशक डॉ. संजय अग्रवाल, सहायक निदेशक श्रीमती रश्मि पाण्डेय, सहायक निदेशक/प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीटीएस भौरी श्रीमती यासमीन जहरा, सहायक निदेशक श्रीमती ज्योति उमठ सहित अकादमी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
यह दीक्षांत समारोह नए उप पुलिस अधीक्षकों के लिए एक प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण क्षण साबित हुआ।








