विदिशा। शहर में प्रस्तावित रिटेल चेन स्टोर डी-मार्ट के विरोध ने अब उग्र रूप ले लिया है। स्थानीय व्यापारियों ने एकजुट होकर डी-मार्ट के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और विरोध स्वरूप उसकी प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर शहर में जुलूस निकाला। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
व्यापारी संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में दुकानदार एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की तथा शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालते हुए डी-मार्ट के विरोध में अपना आक्रोश प्रकट किया। अर्थी पर “स्थानीय व्यापार बचाओ”, “कॉरपोरेट भगाओ” जैसे संदेश लिखे गए थे।
इस दौरान मध्यप्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री राघवजी भाई भी आंदोलन में शामिल हुए और व्यापारियों के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा छोटे दुकानदारों के रोजगार पर संकट लाने वाले फैसलों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।
विज्ञापन के लिए संपर्क करे
Call / WhatsApp - 9826291862
व्यापारियों का कहना है कि डी-मार्ट जैसे बड़े कॉरपोरेट स्टोर के खुलने से छोटे दुकानदारों का व्यापार चौपट हो जाएगा। उनका आरोप है कि बड़ी कंपनियां भारी छूट देकर ग्राहकों को आकर्षित करती हैं, जिससे वर्षों से स्थापित स्थानीय दुकानों की बिक्री पर सीधा असर पड़ता है। उन्होंने इसे स्थानीय अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार के लिए खतरा बताया।
प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि शहर में बड़े रिटेल स्टोर खोलने की अनुमति देने से पहले स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि व्यापारियों का आक्रोश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
शहर में डी-मार्ट को लेकर चल रहा यह विरोध अब चर्चा का विषय बन गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर प्रशासन और व्यापारियों के बीच वार्ता की संभावना जताई जा रही है।








