विदिशा | नटेरन थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर में अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों के अचानक हमले से बड़ा हादसा हो गया। गांव के बुजुर्ग छोटेराम जाटव की शव यात्रा में शामिल होने पहुंचे ग्रामीणों पर उस समय मधुमक्खियों का झुंड टूट पड़ा, जब शव यात्रा में परंपरा अनुसार रखी गई हांडी से उठ रहे धुएं से मधुमक्खियां बिचलित हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धुआं उठते ही पेड़ों व आसपास के छत्तों में मौजूद मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और देखते ही देखते शव यात्रा में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए कई ग्रामीण सरसों के खेतों, झाड़ियों और पास की नदी की ओर भागे। कुछ लोग करीब चार घंटे तक खेतों में छिपे रहे।
घटना में लगभग 25 से 30 ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें बुजुर्गों की संख्या अधिक बताई जा रही है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नटेरन अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, 8 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। एक बुजुर्ग के कान से लगातार रक्तस्राव होने की स्थिति भी सामने आई।
विज्ञापन के लिए संपर्क करे
Call / WhatsApp - 9826291862
हादसे के दौरान भगदड़ में सिरोंज तहसील क्षेत्र से आया एक मेहमान लापता हो गया, जिसकी तलाश सरसों के खेतों में देर तक जारी रही। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। घायलों के उपचार की व्यवस्था की गई तथा ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि अंतिम संस्कार परंपराओं में उपयोग होने वाले धुएं के कारण पहले भी मधुमक्खियों के बिचलित होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसलिए भविष्य में ऐसे आयोजनों में विशेष सतर्कता आवश्यक है।
यह हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और गांव में दहशत का माहौल है।








