डिजिटल डेस्क विदिशा | विशेष पिछड़ी जनजातियों को शासन योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के उद्देश्य से संचालित धरती आबा अभियान सहरिया परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभर रहा है। जिला प्रशासन द्वारा लगाए जा रहे विशेष शिविरों के माध्यम से वर्षों से लंबित दस्तावेज़ संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित शिविरों में सहरिया जनजाति के हितग्राहियों को मौके पर ही जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड बासौदा अंतर्गत ग्राम दाऊद बासौदा एवं बरोदा में विशेष शिविर लगाए गए।
शिविर में सरद सहरिया पिता विशाल सहरिया का आधार कार्ड तत्काल बनाया गया, जिससे उन्हें अब शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी। वहीं दयाराम सहरिया पिता बलदेव सहरिया तथा नायरा सहरिया पत्नी चंद्रभान सहरिया को जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए। प्रमाण पत्र मिलने से शिक्षा, रोजगार एवं अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का मार्ग सुगम हुआ है।
विज्ञापन के लिए संपर्क करे
Call / WhatsApp - 9826291862
हितग्राहियों ने बताया कि पूर्व में इन दस्तावेजों के लिए उन्हें कई बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, किंतु शिविर में ही समाधान मिलने से समय और संसाधनों की बचत हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला प्रयास बताया।
धरती आबा अभियान के तहत आयोजित ये शिविर सहरिया जनजाति को मुख्यधारा से जोड़ने, अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।








